हिमाचल के जिला सोलन के धर्मपुर स्थित आईएनजी व्यासा बैंक में सिक्योरिटी गार्ड की लापरवाही से अचानक गोली चल गई। इससे बैंक में अफरातफरी मच गई। घटना के वक्त बैंक के एटीएम में कैश भरा जा रहा था।
सिक्योरिटी गार्ड लोडिड बंदूक के साथ खड़ा था। जैसे ही वह झुका, बंदूक कंधे से खिसककर जमीन पर गिर गई। बुलेट छूटी और शीशे को तोड़कर सामने बैठी महिला कर्मचारी पूजा कंवर की बाजू में लग गई।
पूजा को सोलन में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। पुलिस ने सिक्योरिटी गार्ड भगवान दास (47) के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत लापरवाही बरतने का मुकदमा दर्ज किया है। एसएचओ रघुवीर सिंह ठाकुर ने कहा कि पुलिस ने गन बरामद कर ली है।
सिक्योरिटी गार्ड को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बैंक प्रबंधक अनिल शर्मा ने कहा कि कर्मचारी अब सुरक्षित है। यह घटना अचानक घटी है। सिक्योरिटी गार्ड भगवान दास ने भी कहा कि अचानक यह घटना हो गई।