पश्चिम बंगाल से चोरी-छिपे बद्दी पहुंचे दो भाइयों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों को पुलिस ने संस्थागत क्वारंटीन सेंटर भेज दिया। ये दोनों हरियाणा से बद्दी में दाखिल होने के बाद पिंजौर-स्वारघाट हाइवे पर चल रही निगम की एक बस में सवार हो गए थे। बस में परिचालक को दोनों पर संदेह हुआ। इसके बाद चालक बस को पुलिस थाने ले गया जहां दोनों की शिनाख्त की गई। दोनों के पास दस्तावेज नहीं थे और पुलिस पूछताछ में उन्होंने अपनी ट्रेवल हिस्ट्री बता दी।
दोनों के पश्चिम बंगाल से आने की भनक लगते ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और स्वास्थ्य विभाग की मदद से दोनों को क्वारंटीन सेंटर भेज दिया।
पुलिस के अनुसार दो लोग निवासी गांव कासला डाकघर गलोट तहसील नालागढ़ कोलकाता से आकर यहां पर चोर रास्ते से दाखिल हुए और एचआरटीसी की बस में सवार हुए। परिचालक को दोनों पर संदेह हुआ। इन दोनों को नालागढ़ पुलिस थाना को सुपुर्द किया गया। पुलिस अधीक्षक रोहित मालपानी ने कहा कि कोलकाता से चोर रास्ते से हिमाचल में दाखिल दोनों भाइयों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों को संस्थागत क्वारंटीन केंद्र भेज दिया है।