हिमाचल शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र में एक निजी क्लीनिक चलाने वाले डॉक्टर दंपती पर बुधवार को पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। यह दोनों ही हाल के दिनों में बिना बताए विदेश यात्रा से लौटे हैं। प्रशासन ने इन पर एडवाइजरी के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। देश भर में फैले कोरोना के संक्रमण को रोकने को लेकर प्रशासन विदेश से लौट रहे नागरिकों पर इन दिनों पैनी नजर रख रही है।
ऐसे में गत दिनों प्रशासन को सूचना मिली कि रोहडू में एक निजी क्लीनिक चलाने वाले डॉक्टर दंपती हाल के दिनों में इंडोनेशिया और बाली की यात्रा से लौटे हैं। प्राप्त सूचनाओं के आधार प्रशासन ने पुलिस को डॉक्टर दंपती पर मामला दर्ज करने की थाने में तहरीर दिया। इस पर पुलिस ने बुधवार को प्रशासन की एडवाइजरी का उल्लंघन करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक डॉक्टर दंपती रोहडू़ के समाला में क्लीनिक चलाते हैं।
क्षेत्र में अब तक का यह दूसरा मामला है। जिन्होंने पुलिस व प्रशासन की एडवाइजरी का उल्लंघन किया है। एसडीपीओ रोहड़ू सुनील नेगी ने बताया कि क्षेत्र में निजी क्लीनिक चलाने वाले डॉक्टर दंपती के खिलाफ सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करने पर आईपीसी की धारा 188 व 271 के तहत मामला दर्ज किया गया है। दंपति को होम क्वारंटीन किया गया है। दंपति कुछ समय पहले विदेश यात्रा से आया है।