बहुचर्चित फर्जी डिग्री मामले में फंसे मानव भारती विश्वविद्यालय (एमबीयू) के मालिक राजकुमार राणा के बाद अब सीआईडी और पुलिस की संयुक्त विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने राणा की पत्नी और बेटी को भगोड़ा घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
हिमाचल प्रदेश के बहुचर्चित फर्जी डिग्री मामले में फंसे मानव भारती विश्वविद्यालय (एमबीयू) के मालिक राजकुमार राणा के बाद अब ऑस्ट्रेलिया में छिपी बैठीं उनकी पत्नी और बेटी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मामले की जांच कर रही सीआईडी और पुलिस की संयुक्त विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने राणा की पत्नी अशोनी कंवर और बेटी आइना राणा को भगोड़ा घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसआईटी ने मामले में अब तक जारी हुए वारंटों की तामील न होने की जानकारी सोलन की स्थानीय अदालत को दी है। अदालत ने अब राणा की पत्नी और बेटी को जनवरी 2022 के पहले हफ्ते तक कोर्ट में पेश होने के आदेश जारी कर दिए हैं।
विज्ञापन
इस मियाद तक अगर दोनों आरोपी पेश नहीं हुए तो अदालत दोनों को भगोड़ा घोषित कर देगी। खास बात यह है कि अगर अदालत दोनों को भगोड़ा घोषित करती है तो आरोपी मां-बेटी को ऑस्ट्रेलिया से भारत लाने में जांच टीम को और आसानी हो जाएगी। फिलहाल जांच एजेंसी विदेश मंत्रालय के जरिये भारत प्रत्यर्पण के लिए प्रयास कर रही है। सूत्रों का कहना है कि भगोड़ा घोषित होने के बाद ऑस्ट्रेलिया सरकार कोर्ट के आदेश के मद्देनजर दोनों को ही भारत डिपोर्ट कर सकती है।