जेके नारंग लंबे समय तक हिमाचल प्रदेश में बीआरओ में चीफ इंजीनियर के पद पर तैनात रहे थे।
प्रवर्तन निदेशालय की हिमाचल इकाई ने बुधवार को ब्रिगेडियर जेके नारंग (सेवानिवृत्त) की 2.29 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति अटैच की है। नारंग के खिलाफ सीबीआई ने 2011 में वित्तीय अनियमितताओं की रिपोर्ट दर्ज कर चार्जशीट 2012 में कोर्ट में फाइल की थी।
जिसके बाद कोर्ट में दायर इस चार्जशीट के तथ्यों का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की थी। जांच के दौरान आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की तस्दीक होने के बाद ईडी ने यह कार्रवाई की है। पिछले साल हिमाचल में ईडी की इकाई स्थापित होने के बाद अब तक की यह सबसे बड़ी कार्रवाई है।
सेना के ब्रिगेडियर जेके नारंग (रिटायर्ड ) लंबे समय तक हिमाचल प्रदेश में बार्डर रोड आर्गेनाइजेशन में चीफ इंजीनियर के पद पर तैनात रहे थे। तैनाती के दौरान ही उन पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने और अनियमितता बरतने के आरोप लगे थे।