किन्नौर जिला के तरांडा मंदिर के साथ सोमवार को रास्ते में पांव फिसलने से खाई में गिरकर एक युवक की मौत हो गई। युवक शिमला में बीटेक कर रहा था। जानकारी के अनुसार बीते रोज सुबह करीब छह बजे युवक किन्नौर से शिमला की ओर जा रहा था।
तरांडा में पैदल चलते समय पैर फिसलने के कारण युवक करीब तीन सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरा और मौके पर ही मौत हो गई। गिरते समय युवक को उसके गांव के एक व्यक्ति संजीव कुमार ने देखा।
पुलिस थाना भावानगर से मिली जानकारी के अनुसार 17 वर्षीय सूरज कुमार गांव चगांव, जिला किन्नौर निवासी जो शिमला में बीटेक का छात्र था। सोमवार को यह युवक किन्नौर से शिमला जाने के लिए निकला था।
तरांडा ढांक में चलते समय युवक का पैर अचानक फिसल गया और गहरी खाई में जा गिरा। उसे गिरते हुए चगांव निवासी संजीव कुमार ने देखा, जो ज्यूरी से अपने निजी वाहन में चगांव की तरफ आ रहा था।
उसने घटना की सूचना पुलिस को दी और पुलिस थाना भावानगर से एएसआई श्याम ठाकुर की अगुवाई में पुलिस, होमगार्ड और युवक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक के शव को घटनास्थल से बाहर निकाला।
पुलिस ने शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भावानगर में पोस्टमार्टम के बाद उसके चाचा किशोरी लाल को सुपुर्द कर दिया है। वहीं, पुलिस घटना के कारणों की छानबीन में जुट गई है।
मामले की पुष्टि एसपी किन्नौर राहुल नाथ ने की है। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में युवक की मौत पैर फिसलने से हुई बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।