सदी के महान लेखक स्वर्गीय खुशवंत सिंह की कसौली स्थित राज विला में केयरटेकर की बहू की लाश फंदे से लटकी मिली है। सदिंग्ध हालत में लटका हुआ शव गौशाला से मिला है।
सूचना पुलिस और मृतक के परिजनों को दी गई। परिजनों ने आत्महत्या को हत्या करार देते हुए शव का फंदे से न उतारने की बात कही।
गांव झिड़ीवाला तहसील नालागढ़ से दोपहर करीब तीन बजे बाद मायके वालों के कोठी में पहुंचने के बाद पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू करते हुए 174 के तहत कार्रवाई डाली है।
पुलिस ने मृतक की पहचान राज विला में केयरटेकर की बहु जगजीत कौर 29 पत्नी धीरज कुमार निवासी राज विला कोठी कसौली के रूप में की है।
सूचना मिलते ही कसौली थाना के प्रभारी अशोक राणा और कसौली तहसीलदार नारायण सिंह चौहान भी पहुंचे। डीएसपी प्रमोद चौहान ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।
लड़की के पिता मंजीत सिंह ने बताया की उनकी बेटी की शादी 2008 में हुई थी। लड़की के परिजनों के साथ आये भोगपुर पंचायत के उपप्रधान उजागर सिंह व लड़की के पिता मंजीत ने साफ शब्दों में कहा की उनकी बेटी की हत्या कर लटकाया गया है। उसके प्रताड़ित किया जा रहा था।
खुशवंत सिंह की लेखनी कसौली स्थित राजविला से काफी जुड़ी है। दुनिया में उनको ख्याती दिलवाने वाले ट्रेन टू पाकिस्तान का ताना बाना राजविला से ही बुना गया है।
इसके अलावा उन्होंने राजविला में कई किताबें लिखी है। कसौली में उनके घर से ही हर साल लिटफेस्ट की शुरूबात की जाती है। खुशवंत की अंतिम किताब द गुड द बैड एंड द वर्स्ट का विमोचन भी यहीं से हुआ।