हिमाचल के सिरमौर जिले में दुकान में सामाजिक दूरी की अनुपालना न करना एक दुकानदार को महंगा पड़ गया। कच्चा टैंक पुलिस चौकी के अंतर्गत सैनवाला के बोगरियां में सब्जी की दुकान को सील किया गया है। दुकान में सामाजिक दूरी बनाने के पुख्ता प्रबंध नहीं थे। दुकान के आगे सामाजिक दूरी के लिए निशान तो लगाए गए थे लेकिन इसकी अनुपालना नहीं की गई।
अब दुकानदार दीपक चौहान को उपायुक्त से लिखित अनुमति लेनी होगी, तभी दुकान खोल सकेंगे। सामाजिक दूरी को लेकर दुकान सील करने का प्रदेश में यह पहला मामला है। हाल ही में सिरमौर पुलिस ने मास्क नहीं पहने पर भी पहला मामला दर्ज किया था। एसपी अजय कृष्ण शर्मा ने बताया कि उपायुक्त ने स्पष्ट आदेश दिए हैं कि दुकानदार को सामाजिक दूरी बनाने के लिए कदम उठाने होंगे।
लेकिन, बोगरियां स्थित दुकान में ऐसा नहीं पाया गया। यहां झुंडों में दुकान से लोग सब्जियां व फल खरीद रहे थे। कच्चा टैंक पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर दुकान को सील कर दिया है। इस बारे में उपायुक्त को भी बाकायदा पत्र लिखकर सूचित किया गया है।
मास्क नहीं पहनने पर भी होगी सख्ती
एसपी अजय कृष्ण शर्मा ने साफ किया है कि मास्क नहीं पहनने पर भी अब सख्ती की जाएगी। सिरमौर में मास्क नहीं पहनने पर एक मामला दर्ज हुआ है। दुकानदारों पर भी यही नियम लागू होते हैं।