हिमाचल प्रदेश में सिंथेटिक ड्रग सप्लाई करने का मुख्य सरगना अफ्रीकी नागरिक दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। कुल्लू की स्पेशल पुलिस टीम ने उसे दबोचा है। वह अफ्रीकी देश घाना का रहने वाला है। वह भारत में पिछले कई सालों से बिना पासपोर्ट और वीजा हिमाचल के साथ देश देश में हेरोइन और चिट्टा सप्लाई करता रहा है। हिमाचल प्रदेश में हर माह करीब 50 लोगों को तीन से पांच किलो हेरोइन सप्लाई करता था।
सिंथेटिक ड्रग के मामले में कुल्लू पुलिस अभी तक 22 विदेशी लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें 16 आरोपी अफ्रीकी मूल के हैं। बीती 24 जनवरी को कुल्लू की एसआईयू (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट) ने जम्मू के एक युवक को 11 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। युवक से पूछताछ के बाद मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने स्पेशल टीम बनाकर इसे दिल्ली भेजा। टीम में एएसपी मयंक के अलावा सुनील सांख्यान, संदीप, केसर, नरेंद्र, चंद्रशेखर, प्रेम, गणेश तथा अजय शामिल थे।
विपिन गार्डन द्वारिका मोड दिल्ली में दबिश देकर टीम ने एबूब जॉन उर्फ गुडविल (41) निवासी घाना को गिरफ्तार किया। एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के अंतर्गत मामला दर्ज कर टीम आरोपी को कुल्लू लाई है। एएसपी मयंक ने कहा कि आरोपी के पास न वीजा और न ही पासपोर्ट है। उसके खिलाफ फॉरेन एक्ट की धारा 14 के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। कहा कि आरोपी से उसकी पूरी गैंग के बारे में पूछताछ की जा रही है। एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने कहा कि अभी तक पुलिस ने 16 अफ्रीकी नागरिकों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसमें 13 आरोपी अभी भी जेल में हैं।
एक साल से था कुल्लू पुलिस की रड़ार में
हेरोइन सप्लाई के आरोप में धरा गया मुख्य सरगना भुंतर थाने में एक अन्य मामले में आरोपी है। इसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस पिछले साल फरवरी में दिल्ली गई थी, मगर पुलिस के हाथ नहीं आया था। एसपी ने कहा कि अफ्रीकन नागरिक पिछले एक साल से पुलिस की रडार पर था।