जवान बेटे की मौत के बाद बीमा कंपनी से क्लेम दिलाने का झांसा देकर दो लोगों ने दूरसंचार विभाग में कार्यरत एक कर्मी से लाखों रुपये लूट लिए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मामला हिमाचल के जिला हमीरपुर का है। पुलिस के मुताबिक हमीरपुर निवासी और नालागढ़ में दूरसंचार निगम में कार्यरत पीड़ित शंभू राम ने पुलिस को बताया कि फरवरी माह में उनके बेटे अनूप की बीमारी से मौत हो गई थी।
उनका बेटा गुड़गांव में किसी निजी कंपनी में कार्य करता था। कंपनी में बीमा कराया हुआ था।
ऐसे अंजाम दी ठगी
बेटे की मौत के बाद एक भीमराज नाम का व्यक्ति के उनके घर पर आया और बीमा से जुड़े कागजात ले गया। उक्त व्यक्ति ने कहा कि उसका बोस राजपाल उनसे इस बारे में बात करेंगे। इसके बाद राजपाल के साथ एक व्यक्ति और उनसे मिलने आया।
इन दोनों ने बताया कि आपके बेटे के मरने के बाद 50-60 लाख का क्लेम मिल रहा है। उसे वह बढ़ाकर एक करोड़ कर देंगे। इसके लिए वह उन्हें एक लाख रुपये दें। इस पर उन्होंने तीस हजार रुपये एटीएम से निकाल कर दिए, जबकि 70 हजार रुपये नकद दिए।
इसके बाद अभी तक वे लोग पांच लाख 40 रुपये बीमा के रूप में ले चुके हैं। पैसे लेने के बाद अब उन्होंने फोन सुनने बंद कर दिए। इस पर शंभूराम ने नालागढ़ पुलिस में मामला दर्ज कराया। फिलहाल पुलिस दोनों की तलाश कर रही है।
ऐसे करें बचाव
किसी भी अंजान आदमी से ऐसी बातें शेयर न करें।
बिना जांच पड़ताल किए किसी को पैसे न दें।
बीमा के पैसे हासिल करने के लिए संबंधित कंपनी में सीधे संपर्क करें।
बीमा संबंधी जानकारी अपने परिजनों से शेयर करें और उसे हासिल करने के तरीके भी बताएं।
अज्ञात लोगों और लुभावने झांसों से हमेशा सत्तर्क रहें।
धोखा होने की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित कर दें।