सोने की नकली ईंटें बेचकर दो लोगों ने एक व्यक्ति से दस लाख की ठगी की है।
शिमला के रामपुर के वार्ड नंबर आठ डकोलड़ में सोने की नकली ईंटें बेचकर दो लोगों ने एक व्यक्ति से दस लाख की ठगी की है। जब गुरुदास को को पता चला कि र्ये इंटें नकली हैं तो उसके होश उड़ गए। ठगी होने के बाद वह रामपुर पुलिस थाने पहुंचा और मामला दर्ज करवा दिया है।
जानकारी के अनुसार डकोलढ़ निवासी गुरुदास ने पुलिस में की शिकायत में कहा कि दो लोगों जिया लाल और रत्न लाल ने सोने की चार ईंटे उसे दस लाख रुपये में बेचने का प्रस्ताव दिया और कहा कि ये ईंटें शुद्ध सोने की हैं। गुरुदास ने वे चार ईंटें दस लाख में खरीद ली।
इसके बाद वह बहुत खुश था कि उसने कम कीमत में सोना खरीद लिया है, लेकिन जब गुरुदास इन ईंटों को लेकर सुनार के पास पहुंचा तो उसके होश उड़ गए। सुनार ने इन चार्रों इंटों को नकली बताया।
पुलिस ने आईपीसी की धारा 415, 420, 120 बी के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इस मामले की जांच एएसआई भगत राम कर रहे हैं। डीएसपी सोमदत्त ने कहा कि अभी यह मामला आया है। मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।