हिमाचल के जिला सिरमौर के नौहराधार के पास एक ऑल्टो कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार सभी चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन युवतियां भी शामिल हैं। आल्टो कुफ्फर गांव के सुरजन सिंह की है। वे खुद गाड़ी चला रहे थे।
पुलिस के अनुसार अप्लाइड फोर ये कार नौहराधार से करीब 21 किलोमीटर दूर चेवगा गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि कार चालक सुरजन सिंह चेवगा गांव से भुवाई स्थित अपने घर जा रहा था।
सुरजन सिंह डाक विभाग में कर्मचारी था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इससे सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। उधर, दुर्घटना स्थल पर पहुंचकर एसडीएम संगड़ाह अशोक चौहान ने मृतकों के परिजनों को 20-20 हजार रुपये की फौरी राहत जारी कर दी है। इस दौरान नायब तहसीलदार एनएल गौड़, बीएमओ एनके भारद्वाज और मेडिकल टीम भी पहुंच गई थी।
सर्वे के लिए गई थी युवतियां
मरने वाली लड़कियों की पहचान पुलिस ने मौके पर मिली डायरियों से की। ये तीनों पांवटा स्थित हर्बल प्रोडक्शन ग्रुप में सेल्स गर्ल्स का काम करती थीं। डायरी में लिखे पते के मुताबिक किरण ठाकुर (21) गांव हरलोग शिलाई, निशा पुंडीर (20) कूहल, पंचायत देवना, विनिता (21) गांव मनडाटी, विकासनगर(उत्तराखंड) की रहने वाली थीं। गाड़ी मालिक सुरजन सिंह (42) गांव कुफ्फर के थे।
हादसे का पता चलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और प्रशासन और पुलिस को भी सूचित कर दिया गया। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए हैं। लोगों के अनुसार सुरजन डाकिया के रूप में कार्यरत थे और भवाई से डाक छोड़ने चाढ़ना जा रहे थे। भवाई बाजार में तीन युवतियों ने इनसे लिफ्ट ली। भवाई से पांच से छह किलोमीटर आगे चेवगा गांव के पास कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।