अभी सिरमौर हादसे से लोग उबरे भी नहीं थे कि शिमला के साथ लगते रामपुर के पास एक मारुति कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई है। वहीं, एक महिला गंभीर रूप से जख्मी है। इसे शिमला के आईजीएमसी अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया है।
परिवार के ये सदस्य शादी का सामान लेने जा रहे थे कि हादसा हो गया। इसमें पूजा, उसके दादा और ताया-तायी की मौत हो गई। दो दिसंबर को पूजा की बहन की शादी थी। शादी के एक सप्ताह पहले हुए हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर दिया है।
मौके पर पहुंचे रामपुर के डीएसपी सोमदत्त ने बताया कि एचपी 52 ए 6467 कार में सवार लैलन निवासी गोबिंद ठाकुर (45) पुत्र जलमो राम, शिक्षा ठाकुर पत्नी गोबिंद (45), वीरचंद (70), पूजा (17) पुत्री प्रकाश चंद की मौत हो गई।
इनकी भी गई जान
घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। मगर इस दौरान गोबिंद ठाकुर की पत्नी शिक्षा ठाकुर और 17 साल की पूजा ने भी दम तोड़ दिया।
हादसे में एक अन्य महिला थापू देवी गंभीर रूप से जख्मी है। इसे शिमला के आईजीएमसी अस्पताल में भर्ती किया गया है। हादसा कैसे हुआ, अभी इसका पता नहीं चल पाया है।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। घायल महिला की हालत भी नाजुक बनी हुई है। पुलिस स्थानीय लोगों से भी इस बारे में पूछताछ कर रही है।
एक दिन पहले सिरमौर में हो चुका है बड़ा हादसा
इस हादसे से ठीक एक दिन पहले यानि रविवार को ही हिमाचल के जिला सिरमौर में भी एक निजी बस खाई में गिर गई थी। इस हादसे में भी सात लोगों ने जान गंवाई थी। हादसे में नौ लोग जख्मी हो गए थे जिनमें से दो को सोमवार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। बाकी सात घायलों का अस्पताल में ईलाज चल रहा है।
हिमाचल में आए दिन हो रहे बस हादसों ने सभी की चिंता बढ़ा दी है। हादसों के पीछे न सिर्फ चालकों की लापरवाही सामने आ रही है बल्कि यहां की खस्ताहाल और तंग सड़कें भी इसके लिए जिम्मेदार है। इसके अलावा पीडब्ल्यूडी की ओर से ब्लैक स्पॉट पर काम न करने से भी हादसे लगातार बढ़ते जा रहे हैं।