औद्योगिक शहर बद्दी के मानपुरा की फार्मा कंपनी में चोरों ने रात को सेंधमारी कर 2.40 लाख के दवा बनाने वाले रॉ मेटिरियल को चोरी कर लिया। कंपनी में तैनात सिक्योरिटी गार्ड की लापरवाही के चलते सुबह के समय प्रबंधन को इसकी भनक लगी है। जानकारी के तहत मानपुरा की मेडोस फार्मा कंपनी के पीछे की दीवार को फांदकर चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया है।
चोरों ने पहले भवन के पीछे के स्टोर की दीवार में लगी खिड़की के शीशे को तोड़कर ग्रिल के नटों को खोला। इसके बाद स्टोर के भीतर एक विशेष कमरे में रखे करीब 2.40 लाख कीमत के 16 किलो के दवा बनाने वाले रॉ मैटीरियल को बड़ी सफाई से ले उड़े। कंपनी के एमडी राकेश अग्रवाल की ओर से बददी पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है।
उन्होंने कहा कि कंपनी में तैनात गार्ड रात के समय सोए हुए थे। इस कारण चोर आसानी से अंदर घुसकर सामान चोरी कर ले गए। कहा कि स्टोर में और भी सामान पड़ा था लेकिन चोरों ने स्टोर के भीतर ताला लगे कमरे का दरवाजा तोड़कर केवल एक ही सामान की चोरी की है। एसपी बददी बशेर सिंह ने कहा कि इस संबंध में शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।