दिनदहाड़े शातिर चोरों ने दो ज्वेलरी शॉप में खरीदारी के बहाने लगभग एक लाख रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर लिया। मामला सिरमौर के जिला मुख्यालय नाहन का है। दो महिलाएं और एक पुरुष बारी-बारी दो दुकानों में खरीदारी करने घुसे। कुछ सामान खरीदा और कुछ आभूषणों पर हाथ साफ कर चंपत हो गए।
चोरों की यह करतूत सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है। इस घटना के बाद पूरे शहर में चर्चा का बाजार गर्म है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार नाहन शहर के छोटा चौक स्थित मनीष ज्वेलर की दुकान में मंगलवार शाम दो महिलाएं और एक पुरुष खरीदारी करने आए।
उन्होंने छह हजार रुपये की एक सोने की अंगुठी भी खरीदी लेकिन उनके जाने के बाद जब दुकानदार अपनी ज्वेलरी देखने लगा तो उसमें सोने की चार अंगुठियां गायब थी। इनकी कीमत लगभग 50 हजार बताई जा रही है। शातिरों ने कब इस करतूत को अंजाम दिया दुकानदार को भनक तक नहीं लगी।