हिमाचल के जिला कांगड़ा के आर्मी कैंट योल के पास हुए एक धमाके में दो दुकानों समेत कई घरों को भारी नुकसान पहुंचा है। धमाका तड़के सुबह चार बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह धमाका एक दुकान में हुआ है।
पुलिस के अनुसार योल कैंट से करीब तीन किलोमीटर दूर यह घटना हुई है। एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है। धमाके के चलते दो दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। वहीं, साथ लगते करीब आधा दर्जन मकानों को भी नुकसान पहुंचा है।
धमाका कैसे हुआ, अभी इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस और एफएसएल की टीमें मौके पर जांच कर रही हैं। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। गौरतलब है कि शिमला में भी इसी तरह का धमाका हुआ था। यहां एक शख्स की मौत हो गई थी। धमाके के पुख्ता कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया।