हेलो, मैं स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से बोल रहा हूं। आप का एटीएम कार्ड ब्लॉक हो सकता है। एटीएम के जरिये अब आप पैसे नहीं निकाल सकते। आपका बैंक खाता सुचारु रूप से चलता रहे, इसके लिए आपको अपना बैंक खाता और पिन नंबर बताना होगा। यह फोन बालूगंज स्थित एक निजी डेंटल क्लीनिक चलाने वाली डा. शिवाली ठाकुर को 27 नवंबर को आया।
डा. शिवाली ने फोन करने वाले को जानकारी देने से इंकार कर दिया। इस पर उन्हें बताया कि हम बैंक का डाटा अपडेट कर रहे हैं कि अगर आपने जानकारी नहीं दी तो आपका बैंक खाता बंद कर दिया जाएगा। इस पर घबराकर डाक्टर ने फोन पर सारी जानकारी दे दी। जानकारी देने के कुछ ही समय बाद बैंक खाते से 50 हजार रुपये निकल गए।
ऐसे बरतें सावधानी
फोन करने वाले आनलाइन मोबाइल फोन भी रिचार्ज किए हैं। इस संदर्भ में थाना बालूगंज में मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी गई है। पुलिस को दी शिकायत में डा. शिवाली गुप्ता ने बताया है कि समरहिल स्थित स्टेट बैंक आफ इंडिया में उनका बैंक खाता है।
फोन पर उनसे धोखाधड़ी कर बैंक खाते से 50 हजार रुपये ठगे हैं। बैंक खाता बंद होने की धमकी देकर उनसे धोखाधड़ी की गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस तरह के मामले लगातार बढ़ रहे हैं लोगों से अपील है कि वह मोबाइल पर किसी को जानकारी न दे सीधे बैंक में जाकर बात करें।
-अज्ञात नंबर से कॉल आने पर सतर्क रहें
-अपने अकाउंट के बारे में जानकारी न दें
-जरूरी लगे तो पूरी जांच पड़ताल कर लें
-एटीएम का पिन कोड नंबर कभी न बताएं
-इंटरनेट यूज करते समय सावधान रहें
-कभी भी अन यूजफुल मेसेज पर क्लिक न करें
-ऑनलाइन बैंकिंग करते समय सतर्क रहें
-बैंकिंग से संबंधित डिटेल सावधानी से भरें
-क्लासिफाइड साइट पर खरीददारी संभल कर करें
-ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान पूरी जांच पड़ताल करें
सेना के सिपाही का बैग छीन ले गए शातिर
आर्मी ट्रेनिंग कमांड शिमला में तैनात सिपाही विजेंद्र कुमार से शनिवार सुबह छह बजे गाड़ी में आए चार अज्ञात युवकों ने लांगवुड के पास छीनाझपटी की है। लांगवुड में संजौली का रास्ता पूछने के बहाने अज्ञात युवकों ने वारदात को अंजाम दिया। छीनाझपटी में सिपाही के गले में लटकी चांदी की चेन, पर्स और एक बैग अज्ञात युवक ले उड़े हैं।
सिपाही विजेंद्र कुमार ने सदर पुलिस थाना में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस थाना में दी शिकायत में सिपाही विजेंद्र कुमार निवासी गांव सुई, तहसील भवानी खेड़ा जिला भिवानी हरियाणा ने बताया है कि शनिवार सुबह वह लांगवुड स्थित कर्नल के घर पर ड्यूटी देने के लिए जा रहा था।
चांदी की चेन, आईकार्ड और यूनिफार्म उड़ाई
सुबह करीब छह बजे आरकेएमवी के पास एक ऑल्टो कार से उतरे चार युवकों ने उससे संजौली का रास्ता पूछा। सिपाही ने बताया कि वह युवकों को रास्ता समझा ही रहा था कि एकदम चारों युवकों ने उस पर धावा बोल दिया।
गले में लटकी चांदी की चेन, उसमें लटका पर्स जिसमें 600 रुपये थे, घड़ी और एक बैग जिसमें उसका आई कार्ड, दो जोड़ी आर्मी यूनिफार्म छीन लिया। सामान छीनने के बाद युवक कार में सवार होकर फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक डीडब्ल्यू नेगी ने बताया है कि लक्कड़ बाजार पुलिस चौकी मामले की जांच कर रही है। सिपाही विजेंद्र कुमार से जानकारी जुटाई जा रही है।