हिमाचल के सिरमौर जिले के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं वर्तमान में प्रदेश खाद्य आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर के भाई पर हमला हुआ है। उनके छोटे भाई राजेंद्र तोमर मारपीट की घटना में घायल हो गए हैं, जबकि उनका एक दोस्त भी चोटिल हुआ है। राजेंद्र तोमर ने शिलाई थाना में मारपीट की शिकायत दर्ज करवाई है। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में राजेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि वह अपने दोस्त की गाड़ी में एक शादी समारोह से घर लौट रहा था। रास्ते में अचानक बिशन सिंह तोमर ने बेवजह गाड़ी के शीशे पर मुक्का मारा, जिसके बाद गाड़ी मालिक ने मुक्के मारने का कारण पूछा। थोड़ी सी बहस होने के बाद मामले को सुलझा कर वे लोग वहां से आगे निकल गए। लेकिन, थोड़ी देर बाद बिशन तोमर ने उन्हें ओवरटेक करके गाड़ी को बीच सड़क में खड़ा किया और लोहे की रॉड निकाल कर उन पर हमला कर दिया। इसमें राजेंद्र सिंह तोमर और उनका दोस्त जख्मी हुआ है।
उधर, बिशन सिंह तोमर का आरोप है कि पूर्व भाजपा विधायक के छोटे भाई ने उसके पांव पर गाड़ी चढ़ाई थी। उसके बाद उन्होंने गाड़ी को रिवर्स करके उसे कुचलने का प्रयास भी किया। राजेंद्र तोमर और उसके एक अन्य साथी ने उनकी धर्मपत्नी से भी हाथापाई की। इसी वजह से मजबूरन आत्मरक्षा में परिवार को बचाने के लिए उसने उन दोनों पर जवाबी हमला किया। उधर, एसपी अजय कृष्ण शर्मा ने बताया कि राजेंद्र तोमर की शिकायत पर पुलिस ने शिलाई थाना में मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है। उनका मेडिकल करवाकर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।