हिमाचल के चंबा जिले में सुरंगानी में चोरों ने एसबीआई के एटीएम मशीन लूटने की कोशिश की। चोरों ने देर रात करीब एक बजे एटीएम मशीन तोड़कर कैश निकालने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो पाए जिस कारण वह मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। एटीएम मशीन में करीब 16 लाख रुपये रखे थे। बैंक प्रबंधन का कहना है कि महीने के शुरूआती दिन होने की वजह से एटीएम में इतना कैश डाला गया था।
एटीएम में वीरवार देर रात करीब एक बजे कुछ लोगों के घुसने की फुटेज सीसीटीवी में कैद हुई है, लेकिन चोरों ने एक-एक कर एटीएम चैंबर में लगे दोनों सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। उसके बाद उक्त लोगों ने एटीएम के कैश चैंबर को तोड़ने की कोशिश की, लेकिन उसमें वह सफल नहीं हो पाए। शुक्रवार की सुबह जब इसका पता चला तो बैंक प्रबंधन ने नजदीकी पुलिस चौकी सुरंगानी में मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है।