हिमाचल के जिला कुल्लू के पहनाला क्षेत्र में बिजली बोर्ड के जेई पर कुछ अज्ञात लोगों ने खुखरी से हमला कर दिया। जेई ने किसी तरह गाड़ी से छलांग लगा कर अपनी जान बचाई। वहीं, पुलिस ने जेई की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक बजौरा बिजली बोर्ड में तैनात जेई नौ सितंबर को अपनी कार में सवार होकर पहनाला में चल रहे बिजली बोर्ड के काम की देखरेख के लिए जा रहे थे। उसी दौरान पहनाला में सड़क के बीचोंबीच खड़ी कार में सवार अज्ञात लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया।
साथ ही उनके ऊपर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद घायल अवस्था में हमलावरों ने उन्हें गाड़ी में डाल अगवा कर कुल्लू की ओर ले आए। जब वह बस अड्डे के समीप पहुंचे तो गाड़ी की गति कम हुई। इसी दौरान गाड़ी से छलांग लगाकर उन्होंने अपनी जान बचाई।
हमलावर मौके से फरार हो गए हैं। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने जेई की शिकायत पर भादंसं की धारा 341, 323, 324, 504 और 379 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस क्षेत्र के कुछ संदिग्धों से भी पूछताछ कर रही है।