शादी से डॉक्टर को तीन लोगों ने जबरन उठा लिया। फिर डंडों से उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी।
हिमाचल के हमीरपुर में पुलिस थाना सदर के अंतर्गत एक शादी समारोह से डॉक्टर को पूर्व पंचायत प्रधान सहित तीन लोगों ने जबरन उठा लिया। इसके बाद उसे बाहर ले जाकर कुर्सियों और डंडों से उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी। इस हमले में डॉक्टर गंभीर घायल हो गया।
पीड़ित चिकित्सक की पहचान डॉ. पंकज कुमार पुत्र प्रीतम चंद निवासी कधरियाणा डाकघर डिडवीं टिक्कर के रूप में हुई है। पूर्व प्रधान ने 500 रुपये के नोट को लेकर चिकित्सक की पिटाई की। पुलिस ने डॉक्टर की शिकायत पर मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं मारपीट में प्रयोग डंडे भी पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। चिकित्सक डॉ. पंकज कुमार ने पुलिस थाना सदर में शिकायत दर्ज करवाई है कि 21 अप्रैल को वह हमीरपुर में अपनी बुआ की लड़की की शादी में गया था। शादी समारोह के दौरान वह एक दुकान में कोल्ड ड्रिंक्स आदि सामान लेने गया। दुकान पंचायत का पूर्व प्रधान चलाता है।
कोल्ड ड्रिंक्स लेने के बाद उसने दुकानदार को 500 रुपये का नोट थमाया। दुकानदार ने नोट को जांच परख कर चिकित्सक को बकाया वापस कर दिया। करीब डेढ़ घंटे बाद पूर्व प्रधान अपने बेटे और दो अन्य साथियों के साथ शादी में आया। इस दौरान चारों उसे वहां से ले गए और डंडों-कुर्सियों के साथ उसकी पिटाई कर दी। मारपीट में उसे काफी चोटें आई हैं।
चिकित्सक ने बताया कि पूर्व प्रधान ने उस पर नकली नोट देने का आरोप लगाया जबकि दुकानदार ने नोट लेते समय इसकी जांच की थी। पुलिस ने मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच में पुलिस ने डंडे बरामद कर लिए हैं जिनसे आरोपियों ने चिकित्सक की पिटाई की थी। थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार रत्न का कहना है कि पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।