जनपद बिलासपुर के अंतर्गत जुखाला क्षेत्र के रानीकोटला में चोरों ने हैरतअंगेज घटना को अंजाम दिया है। अज्ञात चोर बाजार के बीचोंबीच स्थित पीएनबी शाखा रानीकोटला की एटीएम मशीन को तोड़ने में असफल रहने के चलते अपने साथ मशीन उखाड़ कर ही ले गए।
देर रात चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया। एटीएम में करीब पौन चार लाख रुपये की राशि बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार एटीएम मशीन में 16 अप्रैल को शाम साढ़े छह बजे कंपनी द्वारा 10 लाख 38 हजार 100 रुपये कैश डाले गए। एटीएम में करीब 3 लाख 86 हजार 800 सौ रुपये की राशि शेष बची हुई थी।
रात 10 बजे के बाद अंजाम दी वारदात
17 अप्रैल को 10 बजकर पांच मिनट पर एटीएम में अंतिम लेनदेन हुआ। लेकिन इसके बाद रातोंरात ही चोर बड़ी आसानी से घटना को अंजाम देते रहे।
एटीएम में हुई इस घटना का पता सुबह करीब सवा छह बजे उस समय लगा जब रानीकोटला का देव राज अपनी दुकान पर पहुंचा। वह यह देखकर हैरान रह गए कि एटीएम ही गायब है।
उन्होंने इसकी सूचना पुलिस चौकी खारसी को दी। वहीं, सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बिलासपुर भूपेंद्र कवंर भी स्वयं घटना स्थल का निरीक्षण करने के लिए पहुंच गए।