बीएसएनएल के सेवानिवृत्त कर्मचारी को एक युवक ने एटीएम कार्ड बदलकर सात लाख रुपये की चपत लगा दी। पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी है। धोखाधड़ी का शिकार हुआ शख्स हिमाचली है।
जानकारी के अनुसार सिरसा में कंगनपुर रोड स्थित सुंदरनगर निवासी बैसाखी राम मूल रूप से हिमाचाल प्रदेश के जिला कांगड़ा का निवासी है। बीएसएनएल विभाग से सेवानिवृत्त बैसाखी राम का बैंक खाता एसबीआई की कांगड़ा ब्रांच में है।
उसका कहना है कि 27 फरवरी को उसे पांच हजार रुपये की जरूरत थी। रुपये निकालने के लिए वह सिरसा बीएसएनल दफ्तर के समक्ष स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एटीएम में गया। उससे कई बार प्रयास किया लेकिन एटीएम से रुपये नहीं निकले।
इसके बाद उसने कक्ष में खडे़ एक युवक से सहायता मांगी। उक्त युवक ने उसका एटीएम कार्ड लेकर पांच हजार रुपये एटीएम से निकालकर उसे दिए और एटीएम कार्ड भी दे दिया। कुछ दिनों बाद उसे फिर रुपयों की जरूरत पड़ी तो उसने अपना एटीएम कार्ड निकाला तो एटीएम कार्ड उसका नहीं था।
इसके बाद उसने एसबीआई ब्रांच में फोन करके अधिकारियों से अपने खाते के संबंध में जानकारी ली तो पता चला कि खाता खाली हो चुका है। खाते से सात लाख 19 हजार रुपये निकाले गए हैं। बैंक अधिकारियों ने बैसाखी राम को बताया कि उसके खाते से हिसार, जींद, गुरुग्राम व हांसी के एटीएम से नकदी निकाली गई है।
यह सुनकर बैसाखी राम हैरान रह गया, उसे अहसास हुआ कि जिस युवक ने उसे एटीएम से रुपये निकालकर दिए उसी ने एटीएम बदल दिया था। लाखों की धोखाधड़ी का शिकार बैसाखी राम ने शहर थाना पुलिस को अपनी शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार अज्ञात शख्स के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।