धर्मशाला के योल के समीप सिद्धपुर में सोमवार रात करीब दो बजे एक घर की दीवार फांदकर चोर आंगन में स्थापित मंदिर से अंग्रेजों के जमाने की अष्टधातु की लक्ष्मी माता की मूर्ति उड़ा ले गए। दावा किया जा रहा है कि यह मूर्ति करीब 100 साल पुरानी है। वारदात करमापा मठ के समीप स्थित शंभू नाथ शर्मा के घर अंजाम दी गई। एसपी अभिषेक दुल्लर ने बताया कि मामला दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है।
शंभू के बेटे अरविंद शर्मा ने बताया कि उनके पिता रात दो बजे घर के आंगन में बने शौचालय में जाने के लिए बाहर आए तो मंदिर का दरवाजा खुला देखा। अंदर जाकर देखा तो मूर्ति गायब थी। तत्काल योल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने रात को ही पहुंचकर मौके का जायजा लिया। मंदिर में चांदी के बर्तन और अन्य वस्तुएं रखी हुई थीं लेकिन चोर सिर्फ मूर्ति ले गए। हालांकि मूर्ति के ऊपर लगाए गए चांदी के 2 छत्र, एक पायल और हार रास्ते में पड़े मिले।