भारत के मोस्ट वांडेड अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहीम कासकर की मुंबई में मौजूद संपत्ति की नीलामी की जा रही है। लेकिन डॉन के गुर्गे उसकी नीलामी से पहले ही बोली लगाने वाले लोगों को धमकाकर उनमें खौफ पैदा करना शुरू कर दिया है।
एनडीटीवी के अनुसार, मुंबई में मौजूद दाऊद की सात संपत्तियों में से एक को खरीदने का विचार कर रहे पत्रकार एस बालाकृष्णन को जान से मारने की धमकी मिली है।
एस बालाकृष्णन ने दावा किया है कि यह धमकी उसे दाऊद के बेहद करीबी गुर्गा छोटा शकील से मिली है। छोटा शकील ने यह धमकी को पत्रकार बालाकृष्णन को एक एसएमएस के जरिए दी। इतना ही नहीं छोटा शकील ने यह भी कहा है कि वह इस एसएमएस के बारे में किसी को न बताए।
शकील ने प्यार से दी धमकी, पढ़ें पूरा एसएमएस?
पत्रकार एस बालाकृष्णन ने पीटीआई को बताया कि उन्हें छोटा शकील से एक एसएमएस मिला है जिसमें उसने कहा, 'तुम नीलामी में भाग ले रहे हो। तुम्हें क्या हो गया है? तुम्हारी तबियत ठीक तो है ना?'
एस बालाकृष्णन ने कि धमकाने का दाऊद का यही तरीका था। उन्होंने बताया कि वह अपने एनजीओ देश सेवा समिति के नाम माध्यम से यह प्रॉपर्टी खरीद रहे हैं। यह एनजीओ बच्चों के कल्याण के लिए काम करता है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में बैठा एक शख्स देश की कानून व्यवस्था पर तानाशाही नहीं चला सकता। हालांकि अभी तक एस बालाकृष्णन इस धमकी की शिकायत पुलिस को नहीं दी है।
1.18 करोड़ रुपए से शुरू होगी बोली
एस बालाकृष्णन ने बताया कि मुंबई की पकमोडिया गली में जिस होटल को वह खरीदने जा रहे हैं उसकी कीमत 1.18 करोड़ रुपए रखी गई है।
बालाकृष्णन के अनुसार, उनके एनजीओ के पास कुछ रुपए हैं और कुछ वह लोगों की मदद से इकट्ठा कर रहे हैं।
गौरतलब है कि इस होटल की नीलामी नौ दिसंबर को की जाएगी जिसके लिए लोग तैयारी में लगे हुए हैं।