तैश में आकर फौजी ने पहले नाबालिग की जमकर पिटाई की, फिर उसके सिर के बाल काट दिए।
- फोटो : Demo pic
हिमाचल के जिला हमीरपुर में सुजानपुर के चौरी के साथ लगते गरोड़ू गांव में छुट्टी पर आए फौजी ने घास जलाने पर 16 साल के नाबालिग के बाल मुंडवा दिए। नाबालिग अपनी जमीन से घास बेचकर अपना और मां की देखरेख करता है।
इसे बीते कुछ समय से लोगों को बेची गई घास के पैसे नहीं मिल रहे थे। इसीलिए बीते शनिवार को अपनी जमीन में शेष बची घास को नाबालिग ने आग के हवाले कर दिया। इस दौरान फौजी ने नाबालिग को आग लगाते देख लिया।
तैश में आकर फौजी ने पहले नाबालिग की जमकर पिटाई की, फिर उसके सिर के बाल काट दिए। रविवार सुबह फौजी नाबालिग को दोबारा बार्बर के पास ले गया। यहां उसने नाबालिग के बाल पूरी तरह मुंडवा दिए। स्थानीय लोगों की मानें तो नाबालिग गरीब परिवार से है।
उसके पिता की मौत हो चुकी है। घास बेचकर वह अपना और मां का गुजारा करता है। लोगों ने फौजी की करतूत को शर्मनाक बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, पुलिस अधीक्षक अजय सिंह बौद्ध का कहना है कि नाबालिग की शिकायत आई थी लेकिन सोमवार को दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। लिखित समझौता दोनों पक्षों ने पुलिस थाने में दे दिया है।