राजगढ़ विकास खंड की ग्राम पंचायत माटल बखोग के ज्ञानकोट से अष्टधातु की प्राचीन मूर्तियों पर शातिरों ने हाथ साफ कर लिया है। इस मामले में मंदिर के पुजारी ने पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। राजगढ़ पुलिस ने शातिरों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक रात के समय चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया। पंचायत प्रधान बाबूराम शर्मा ने बताया कि ज्ञानकोट में तीन मंदिर हैं, जिसमें एक बड़ा और दो छोटे मंदिर शामिल हैं।
उनमें से लक्ष्मी नारायण मंदिर में लक्ष्मी नारायण की संगमरमर की मूर्ति के साथ छह प्राचीन मूर्तियां अष्टधातु, धातु से बने एक घोड़े और मां अंबिका की मूर्तियों को चोर चुरा कर ले गए हैं। सुबह जब मंदिर के महात्मा जगतपुरी ने ताला और कुंडा टूटा हुआ देखा तो उन्होंने इसकी सूचना पड़ोस में दी।
इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचित किया। महात्मा जगतपुरी ने बताया कि वह रात को करीब 11 बजे के बाद वह सोए थे। उन्होंने आशंका जताई कि चोरों ने इस वारदात को सुबह के समय अंजाम दिया।
पंचायत प्रधान ने बताया कि इस मंदिर का निर्माण वर्ष 1950 में महात्मा बाल चैतन्य ब्रह्मचारी ने करवाया था। मंदिर निर्माण के बाद उन्हें यह मूर्तियां मिली थीं, जिन्हें मंदिर में स्थापित किया गया था। यह मूर्तियां काफी प्राचीन और बेशकीमती हैं।
हालांकि, पुलिस मामले की जांच में जुटी है लेकिन, अभी शातिरों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। उधर, डीएसपी राजगढ़ दुष्यंत सरपाल ने मूर्तियां चोरी होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पुलिस चोरों को शीघ्र पकड़ने में सफल होगी।