हिमाचल के करीब अस्सी बागवानों की डेढ़ करोड़ से ज्यादा की गाढ़ी कमाई लेकर गायब होने वाले तीन आढ़तियों व लदानियों को कोर्ट ने तीन दिन की रिमांड पर भेज दिया है। सीआईडी की एसआईटी ने बुधवार को तीनों को लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तार लोगों में एक लदानी राजस्थान का है जबकि दो अन्य शिमला के नारकंडा के हैं।
बता दें, राजस्थान के लदानी अश्वनी शर्मा लंबे समय से आढ़तियों व स्थानीय लदानियों की मदद से बागवानों का उधार में सेब खरीदता और गायब हो जाता। साल 2017 व 2018 में उसने नारकंडा निवासी रंजीत सिंह खूंड और प्रेम प्रकाश के साथ मिलकर शिमला, कुल्लू, रामपुर और किन्नौर तक के करीब अस्सी बागवानों से उधार में सेब उठाया। दो साल से बागवान अपने पैसे हासिल करने के लिए तीनों के चक्कर काटते रहे लेकिन वह टालते रहे।
इस बीच सीआईडी के एडिशनल एसपी वीरेंद्र कालिया की अध्यक्षता वाली एसआईटी ने जांच शुरू की तो धोखाधड़ी के शिकार करीब पचास बागवानों ने टीम से संपर्क कर शिकायत दर्ज करा दी। जांच हुई तो अस्सी से ज्यादा बागवान इन तीनों का शिकार मिले। सीआईडी ने लंबी छानबीन कर तीनों का पता निकाला और पिछले कुछ दिन से लगातार तीनों से ही पूछताछ कर रही थी। सूत्रों की मानें इस दौरान भी जब तीनों ने पैसा नहीं लौटाया तो जांच अधिकारियों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।