उपमंडल करसोग में चुराग के समीप सनोटी गांव में महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। हत्यारोपी पड़ोस के गांव का ही निकला है। जांच में पुलिस ने पाया है कि आरोपी हिस्ट्रीशीटर है और उसने शराब के नशे में धुत्त होकर वारदात को अंजाम दिया है। किसी बात को लेकर हुए झगड़े के बाद आरोपी ने महिला के ऊपर तेजधार हथियार से कई वार किए। आरोपी को शनिवार कोर्ट में पेश किया गया। उसे चौदह दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
आरोपी की पहचान तेजराम निवासी नागड़ा के रूप में हुई है। उसे साथ लगते एक जंगल में धर दबोचा गया। चुराग के समीप संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने के बाद आरोपी घर से फरार था। मामले में पुलिस 174 के तहत कार्रवाई कर रही थी और शक के आधार पर पुलिस आरोपी को ढूंढ रही थी। आरोपी के गिरफ्त में आने के बाद पुलिस ने अब हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।