लोडेड बंदूक से अचानक गोली चल गई जो कि कार की पिछली सीट पर बैठे मनोहर की गर्दन को चीरते हुए निकल गई। हमीरपुर जिले के सुजानपुर के जियाणा में गोली लगने से व्यक्ति की मौत हो गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। बंदूक को भी कब्जे में ले लिया है।
पुलिस ने बंदूक मालिक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार देर रात ठेकेदार अश्वनी कुमार अपनी कार में मनोहर और जोगेंद्र के साथ शटरिंग का काम कर लौट रहा था। अश्वनी के पास अपनी बंदूक है। अश्वनी कुमार ने गोलियों से भरी बंदूक को कार की पिछली सीट पर रखा था।
कार की पिछली सीट पर मनोहर भी बैठा था। तीनों कार से जियाणा पहुंचे। जैसे ही वे कार से उतरने लगे तो अचानक बंदूक से गोली चल गई। गोली मनोहर की गर्दन पर लगी इससे मनोहर की मौके पर ही मौत हो गई।