फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल में 4 बड़े हादसे, महिला समेत चार की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
हिमाचल में अलग अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई है। पहला हादसा मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। यहां मंगलवार देर शाम टयोटा क्वायलिस कार पंडोम डैम के किनारे जा गिरी। हादसे में कार चालक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन


वहीं, चार लोग घायल हो गए। सभी घूमने के लिए कुल्लू की ओर गए हुए थे। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक द्वारा कार लापरवाही और तेज गति से चलाना माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार मंगलवार देर शाम को एक क्वायलिस कार कुल्लू से हमीरपुर की ओर जा रही थी। पंडोह डैम के समीप चालक का कार से नियंत्रण खो गया और कार पंडोह डैम के किनारे जा गिरी।

हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने किश्ती की सहायता से घायलों को 108 एंबुलेंस से जोनल अस्पताल पहुंचाया। मृतक चालक की पहचान सुनील कुमार पुत्र रत्न चंद निवासी कोहण सज्जाओपिपूल तहसील सरकाघाट के रूप में हुई है। अन्य चार घायलों की पहचान हमीरपुर निवासी पुष्पा देवी, जगदीश चंद, सुनील और करसोग निवासी ममता देवी के रूप में हुई है।
विज्ञापन

जीप खाई में गिरी, एक की मौत, पांच घायल

उधर, रामपुर बुशहर के झाकड़ी के घसो पुल के समीप बुधवार दोपहर एक महिंद्रा बोलेरो जीप के खाई में जा गिरी। हादसे में जीप में सवार पांच लोग घायल हो गए। इनमें से बाद में एक की खनेरी अस्पताल में मौत हो गई है। घायलों में तीन बच्चे और एक महिला भी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार बोलेरो जीप नंबर एचपी-63-5162 रामपुर से किन्नौर की ओर जा रही थी कि अचानक घसो पुल के साथ खाई में जा गिरी। घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की सहायता से खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया जहां डंडूप 45 पुत्र गंधीर निवासी चांगो की मौत हुई है।

इसके अलावा हादसे में बीर सिंह चालक, तेंजिन 13, तेंजिन मंगजूम 10, छेरिंग 8 और कुमारी टाशी को चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार कुल्लू में पढ़ाई कर रहे तीनों बच्चों को लेकर परिजन छुट्टियों में किन्नौर जा रहे थे कि रास्ते में अचानक गाडी पलट गई।

कार की चपेट में आने से महिला की मौत

वहीं, मंडी के जोगिंद्रनगर-मच्छयाल सड़क मार्ग पर खुद्दर के पास नैनो कार की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। वहीं महिला का डेढ़ साल का मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस जानकारी के अनुसार नैनो से कुचलने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतका की पहचान खुद्दर गांव निवासी मीनू उम्र 23 वर्ष के रूप में हुई है। घटना में उसका डेढ़ वर्षीय बेटा नक्ष गंभीर रूप से घायल है। महिला और उसके बच्चे को उपचार के लिए सिविल अस्पताल जोगिंद्रनगर में लाया गया। जहां चिकित्सकों ने मीनू को मृत घोषित कर दिया।

प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार दुर्गा यादव ने मृतका के परिवार को 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी है। पुलिस पुलिस ने कार चालक चंचल सैन निवासी द्राहल के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
विज्ञापन

जेसीबी गिरी, चालक की मौत

सोलन के धर्मपुर में सुखीजोहड़ी सनावर मार्ग पर जेसीबी के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से चालक की मौत हो गई है। हादसे के वक्त जेसीबी मलबा हटाने का कार्य कर रही थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया है। साथ ही दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस जानकारी के अनुसार वाहन चालक अजय कुमार पुत्र पुरुषोत्तम निवासी गरोड़ डढवाल, डाकघर तहसील सुजानपुर जिला हमीरपुर स्थानीय गांव की सड़क से जेसीबी से ल्हासा हटा रहा था। वापस आते वक्त जेसीबी को मोड़ते समय वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और जेसीबी अनियंत्रित होकर गहरी खाई मे लुढ़क गई।

इस हादसे में चालक बुरी तरह से घायल हो गया। घायल चालक को स्थानीय लोगों द्वारा सीएचसी धर्मपुर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से चिकित्सकों ने उसे गंभीर हालत में पीजीआई रेफर कर दिया, लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें