हिमाचल के जिला सोलन के औद्योगिक क्षेत्र काठा के भटोली कलां मार्ग पर एक पिकअप के गहरी खाई में गिर गई। हादसे में पिकअप सवार 18 कामगार जख्मी हो गए। इनमें गंभीर रूप से जख्मी एक व्यक्ति की मौत हो गई।
मृतक अनुराग (22) उत्तर प्रदेश के शहजानपुर जिले के मोहनपुर गांव का रहने वाला था। घायलों को पहले बद्दी के निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। वहां से तीन कामगारों को नाजुक हालत में प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रैफर किया।
जानकारी के अनुसार इस पिकअप को पीछे से एक टैंकर ने हिट किया था जिसके चलते चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और डेढ सौ फीट गहरी खाई में जा गिरा।
उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं प्रवासी कामगार
पुलिस के अनुसार यह घटना शुक्रवार देर शाम की है। काठा स्थित बैटरी बनाने वाली कंपनी केंजु इंटरनेशनल में तैनात ये कामगार कंपनी की पिकअप में सवार हो कर सिक्का होटल आ रहे थे।
सभी प्रवासी कामगार उत्तर प्रदेश के बरेली, बदाँऊ व शहजानपुर के रहने वाले थे। सिक्का होटल के समीप झुग्गियों में रहते थे। सूचना मिलते ही बरोटीवाला पुलिस व 108 एबुलेंस के कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा सभी घायलों को लोगों की मदद से सड़क में निकाला गया।
घायल राम सिंह, मौर चंद व अनुराग को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रैफर कर दिया। वहीं, राम सिंह व मौर चंद पीजीआई में उपचाराधीन है। अर्जुन, दिनेश,तुलाराम, मुनीष, नेत्रपाल, नवाब सिंह, रामप्रताप बद्दी के निजी चिकित्सालय में उपचाराधीन है। अन्य घायलों रविद्र, जीवन लाल, हरिशंकर, सतेंद्र, राम सिंह, अरविंद, दुर्गपाल, मनोज कुमार, रिषी कुमार व मुनीष को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।