हिमाचल के बिलासपुर जिले में स्थित बाबा बालक नाथ की तपोस्थली शाहतलाई में एक साधु की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।
साधु पिछले कुछ दिनों से यहां शमशानघाट स्थित कुटिया में रह रहा था। रविवार को साधु का शव बरामद किया गया है। अभी तक साधु की मृत्यु के कारणों का पता नहीं चल सका है।
पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी है। जानकारी के अनुसार किसी व्यक्ति ने पुलिस थाना में फोन करके सूचना दी कि शाहतलाई के शमशानघाट की कुटिया में किसी साधु का शव पड़ा है।
इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे लिया। पुलिस ने फिलहाल सेक्शन 174 के तहत कार्रवाई अमल में लाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
डीएसपी घुमारवीं अंजनी जसवाल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।