हिमाचल के मंडी जिला में पति की हैवानियत का मामला सामने आया है। यहां उपमंडल सुंदरनगर के भौर गांव में चाय बनाने में देरी पर पति ने मूक बधिर पत्नी से पहले तो मारपीट की और बाद में लेंटर से नीचे फेंक दिया। इससे महिला की मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सुंदरनगर के भौर निवासी श्याम लाल पुत्र शंकर ने सुंदरनगर थाना में दर्ज प्राथमिकी में कहा है कि मंगलवार शाम को करीब 6 बजे राजकुमार उर्फ बिजू पुत्र जय राम ने अपनी मूक बधिर पत्नी कांता देवी को चाय बनाने के लिए कहा।
लेकिन, वह लेंटर पर कुछ काम करने के लिए चली गई। चाय मिलने में देरी होने पर राजकुमार लेंटर पर पहुंच गया। उसने अपनी पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसने गुस्से में आकर पत्नी कांता को लेंटर से नीचे धक्का दे दिया।
इस घटना में कांता गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए मंडी स्थित जोनल अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वीरवार सुबह जब कांता के मायके वालों को इस घटना का पता चला तो उन्होंने सुंदरनगर थाना में बेटी की हत्या की आशंका जताई।