एक ने दूसरे मजदूर को मौत के घाट उतार दिया।
हिमाचल के किन्नौर जिले के पूह खंड में दो मजदूरों में किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद झगड़ा हो गया। इसके बाद एक ने दूसरे मजदूर को मौत के घाट उतार दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने रिकांगपिओ के नजदीक आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार राजस्थान से आए मजदूर पूह आर्मी कंपनी 20 विहार कैंपस में राजस्थान ठेकेदार के पास काम करते थे। मजदूर रमेश कुमार (35) और मुकेश (35) में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। यह कहासुनी झगड़े में बदल गई।
इसके चलते मुकेश कुमार ने अपने साथी रमेश कुमार की छाती और सिर पर रॉड से वार कर दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चीखने और चिल्लाने की आवाज सुनकर तीसरा मजदूर जयराम मौके पर पहुंचा। जयराम को देखकर आरोपी मुकेश मौके से फरार हो गया।
जयराम ने इसकी सूचना आर्मी और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस से जिला इंस्पेक्टर संतोष कुमार, थाना प्रभारी रिकांगपिओ संजय कुमार और एएसआई रमेश कुमार मौके पर पहुंचे और आरोपी को रिकांगपिओ के नजदीक गिरफ्तार किया।
पुलिस ने मृतक रमेश कुमार का शव रिकांगपिओ क्षेत्रीय अस्पताल में भेज दिया है। उधर, मामले की पुष्टि एसपी किन्नौर डॉ. खुशाल शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शव को ठेकेदार के हवाला कर दिया जाएगा। मामले की छानबीन की जा रही है।