अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजमार्ग-05 पर पर्यटक स्थल कुफरी के पास दो बसों में हुई टक्कर में नौ लोग घायल हो गए। इसमें 6 महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। हादसे के तुरंत बाद घायलों को अस्पताल ले जाकर उपचार दिया गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार ठियोग से शिमला की तरफ आ रही निजी बस अनियंत्रित होकर सरकारी बस से टकरा गई। सड़क पर जमे कोहरे पर बसों के फिसलन से यह टक्कर हुई।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह कुफरी में बाईपास सड़क पर एचआरटीसी और निजी बस आपस में भीड़ गई। इसमें एचआरटीसी की बस शिमला से रोहड़ू की तरफ जबकि निजी बस रामपुर से शिमला आ रही थी। इसी बीच कुफरी में बाईपास सड़क पर भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि निजी बस उतराई में थी जबकि सरकारी बस चढ़ाई पर। सड़क पर फिसलन के चलते बसों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हादसे में एचआरटीसी बस में सवार पांच और निजी बस में सवार चार सवारियां को चोटें आई हैं। हादसे के बाद कुछ समय के लिए गाड़ियों की आवाजाही भी इस मार्ग पर बाधित रही। इसी बीच पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और हादसे में घायलों को अस्पताल को पहुंचा। डाक्टरों की निगरानी में घायलों का उपचार चल रहा है। डीएसपी हेडक्वार्टर प्रमोद शुक्ला ने बताया कि कुफरी के पास सरकारी और निजी बसें में टक्कर हुई है। मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
हादसे में घायल लोग
एचआरटीसी बस में सवार ठियोग के मत्याना की कमला देवी (25), कुसुम (23) देवीधार चिड़गांव, उषमा (23) देवीधार चिड़गांव, नीलमा (54) बठार (जुब्बल), राजेंद्रा (49) बठार जुब्बल निवासी घायल हुए हैं। निजी बस में सवार निशा (23) जगातखाना रामपुर, ऊषा (43) अरसू निरमंड, बनराह सिंह (23) सराहन, नीरज (19) टयाली के ठियोग निवासी घायल हुए हैं।