अमर उजाला ब्यूरो
स्वारघाट(बिलासपुर)। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर स्वारघाट के पास पंजपीरी स्थान में देर रात ढाई बजे के करीब एक पर्यटक कार हादसे का शिकार हो गई। हादसे के समय गाड़ी चंडीगढ़ से मनाली की ओर जा रही थी। इस हादसे में दिल्ली के चार लोग छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को स्वारघाट से नालागढ़ के लिए रेफर कर दिया गया है। हादसे के बाद क्षेत्र के युवाओं ने मौके पर पहुंच कर घायलों को खाई से बाहर निकाला।
इनमें कार चालक अमित चौधरी (24 वर्ष)निवासी इंदिरापुरम गाजियाबाद (उत्तरप्रदेश) ने बताया कि वह अपने तीन दोस्तों निशांत, अभिषेक व आशीष के साथ मनाली घूमने जा रहे थे। ये सभी बच्चे दिल्ली टैकभनोलॉजी यूनिवर्सिटी शाहबाद में पढ़ाई कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि रात करीब ढाई बजे के करीब पर्यटकों से भारी कार खाई में जा गिरी। इसी दौरान एक अन्य कार में सवार युवकों ने गाड़ी को खाई में गिरा देखा तो मदद के लिए खाई में उतरे। मदद करने वाले युवकों में सोनू भवानी, रविंद्र सिंह, श्याम लाल ने बताया कि वह चंडीगढ़ से आ रहे थे। जैसे उन्होंने देखा कि कार खाई में गिरी है वह रुके और स्वारघाट पुलिस को फोन किया। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंच कर इन युवकों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्वारघाट पहुंचाया लेकिन घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें एफआरयू नालागढ़ रेफर कर दिया गया है।
उधर स्थानीय पुलिस थाना स्वारघाट के एएसआई सहदेव दत्त से संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि पर्यटकों ने कोई भी कार्रवाई नहीं किए जाने का आग्रह किया है जिस कारण इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया।
इनसेट...
हादसे में ये लोग हुए हैं घायल
सड़क हादसे में चालक सहित चार लोग सवार थे जिनमें से तीन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इनमें कार चालक अमित चौधरी (24 वर्ष)निवासी इंदिरापुरम गाजियाबाद (उत्तरप्रदेश), निशांत, अभिषेक व आशीष शामिल हैं। ये सभी बच्चे दिल्ली टैकभनोलॉजी यूनिवर्सिटी शाहबाद में पढ़ाई कर रहे हैं। इनका उपचार एफआरयू नालागढ़ के लिए रेफर कर दिया गया है।