रैहन में पीएनबी की शाखा में दिनदहाड़े एक बुजुर्ग के बैग से 50 हजार रुपये चोरी हो गए हैं। जानकारी के अनुसार दिल्ली पुलिस ने रिटायर्ड जवान बनाल निवासी तारा चंद शर्मा (65) ने सोमवार को पंजाब नेशनल बैंक की रैहन शाखा से करीब साढे़ 11 बजे 50 हजार रुपये निकाले थे। उन्हें गिनने के बाद तारा चंद ने बैग में डाला और बैग कुर्सी पर रखकर साथ ही बने काउंटर पर पासबुक में एंट्री दर्ज करवाने के लिए लाइन में लग गया।
इसी दौरान कोई शातिर बैग को काटकर 50 हजार रुपये निकाल ले गया। जब बुजुर्ग ने बैग को कटा देखा और बैग के अंदर से पैसे गायब देखे तो उसके पांव तले जमीन खिसक गई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि बैंक में भीड़ होने के चलते उनके पास कुछ लड़कियां भी खड़ी थी। बैंक में सीसीटीवी कैमरे लगे होने कारण तारा चंद को उम्मीद है कि चोर जल्द ही पकड़ा जाएगा और उनकी रकम मिल जाएगी।
इस संबंध में तारा चंद ने पुलिस चौकी रैहन में पैसे चोरी होने की लिखित शिकायत दी है। उधर, रैहन पुलिस का कहना है एक्सपर्ट बुलाकर सीसीटीवी फुटेज खंगाली जाएगी और सुराग मिलने पर चोर को गिरफ्तार किया जाएगा। शाखा प्रबंधक राजेंद्र पंगडोत्रा का कहना है कि सीसीटीवी की फुटेज खंगालने के लिए बुधवार को एक्सपर्ट को बुलाया गया है, जो चोरी से पर्दा उठाने में मुख्य भूमिका निभाएगा।
आंखों में मिर्ची डालकर डॉक्टर को लूटने का प्रयास
होशियारपुर-गगरेट मार्ग पर रात्रि के समय अकेले वाहन में सफर करना अब सुरक्षित नहीं रहा है। लुटेरे इस मार्ग पर पंजाब की सीमा में कही भी आपको लूटने का प्रयास कर सकते हैं। कुछ ऐसा ही एक हादसा पिछले दिनों मंगुवाल से पीछे पेश आया। निजी चिकित्सक यशपाल अपनी कार में अकेले रात्रि के लगभग पौने दस बजे होशियारपुर से अपने घर आ रहे थे।
अचानक एक बाइक पर सवार दो युवकों ने उनकी कार के साथ बाइक लगाकर कुछ इशारा किया। इससे पहले की वह कुछ समझ पाते बाइक पर पिछली सीट पर बैठे व्यक्ति ने चिकित्सक की आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया। इससे पहले कि लूट के इरादे से आए युवक
कुछ कर पाते डॉ. यशपाल ने गाड़ी को तेजी से भगा लिया और मंगूवाल बैरियर पर आकर वहां मौजूद लोगों को अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने इसकी सूचना होशियारपुर पुलिस को दे दी है। इससे पहले भी इस सुनसान मार्ग पर इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। उधर, अंब के डीएसपी जितेंद्र चौधरी ने लोगों से सचेत रहने की अपील की है।
मंदिर से 77 किलो गांजा बरामद, संचालक गिरफ्तार
बाबा बालक नाथ की तपोभूमि शाहतलाई में पुलिस के हाथ नशे का बड़ा जखीरा लगा है। तलाई पुलिस ने एक छापे के दौरान मंदिर की दूसरी मंजिल में छिपाकर रखा करीब 77 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में मंदिर के दो संचालकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस बात की छानबीन कर रही है कि आखिरकार इतने बड़े पैमाने पर गांजा कहां से लाया गया है।
पुलिस ने मंदिर के संचालक दलजीत सिंह पुत्र ध्यान सिंह निवासी अमृतसर और बलदेव सिंह पुत्र गुमनाम सिंह निवासी नरंगपुर फगवाड़ा को गिरफ्तार किया है जिन्हें आज न्यायालय पेश करके पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी। तलाई पुलिस को मंगलवार सुबह 11 बजे एक गुप्त सूचना मिली थी की बाबा की धार्मिक नगरी के मंदिर में संचालक साधुओं ने भांग के फूल और पत्तियां बड़े पैमाने पर छुपाकर कर रखी है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ठाकुर कर्म सिंह की अगुवाई में एएसआई जगदीश चंद, आरक्षी अरुणा कुमारी, प्रवीण कुमार, मुकेश कुमार, अंकुर कुमार, रतन लाल और होमगार्ड कुनाल चंद ने टीम के साथ छापा मारा तो मंदिर की दूसरी मंजिल पर एक बोरी में भांग के पत्ते और खुली हुई भांग पुलिस के हाथ लगी। जब पुलिस ने गहनता से छानबीन की वहां रखी अनाज की टंकियों को खोल कर देखा तो पुलिस दंग रह गई कि अनाज की जगह टंकियों में भांग भर रखी है।
पुलिस ने मंदिर के दोनों संचालकों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके गांजे को कब्जे में लेकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी बिलासपुर राहुल नाथ ने बताया कि जिला को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस द्वारा छेड़े गए अभियान में तलाई पुलिस के हाथ नशे की खेप लगी है। उन्होंने बताया कि तलाई पुलिस ने मंदिर की दूसरी मंजिल में अनाज की टंकियों में भांग की पत्तियां और फूल बरामद की है।