'करीब छह साल पहले मेरी बेटी सीमा की शादी राकेश के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर सीमा को प्रताड़ित करते थे।' मामला हिमाचल के कांगड़ा जिले का है। नूरपुर के भुगनाड़ा गांव की 26 वर्षीय सीमा देवी की संदिग्ध अवस्था में उसके ससुराल थोड़ा में मौत हो गई।
नूरपुर सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया, जहां मायके वालों ने ससुरालियों पर उनकी बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया। मृतका के पिता देवराज निवासी गांव थोड़ा ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी सीमा की उसके ससुराल वालों ने सुनियोजित साजिश के तहत हत्या की है।
पिता की शिकायत पर पति, सास और ससुर गिरफ्तार
इस दौरान नूरपुर अस्पताल परिसर में दोनों पक्षों के बीच स्थिति काफी तनावपूर्ण रही। मृतका के पिता देवराज ने बताया कि करीब छह साल पहले उनकी बेटी सीमा की शादी भुगनाड़ा निवासी राकेश कुमार के साथ हुई थी। सीमा के दो बेटे हैं। मायके वालों का आरोप है कि उनकी बेटी को ससुराल वाले शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। उन्होंने बताया कि रविवार शाम को उनकी बेटी के ससुराल से फोन आया कि उनकी बेटी की हार्ट अटैक से मौत हो गई है।
लेकिन, जब वे बेटी के सुसराल पहुंचे तो सीमा के गले पर चोट के निशान थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। डीएसपी नूरपुर कुलदीप कुमार ने बताया कि मृतका सीमा के पिता देवराज की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति राकेश कुमार, सास आशा देवी व ससुर लबू राम को गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का पता लग पाएगा।