हिमाचल के ऊना के साथ लगते पुलिस थाना नंगल के तहत गांव सैहजोवाल में 23 वर्षीय युवक की गोली दागकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान राजेश कुमार पुत्र सुखदेव सिंह निवासी सैहजोवाल के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने एक आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। गोलीकांड की घटना के बाद क्षेत्र के दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार मृतक राजेश कुमार के भाई सुरेंद्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई अपने दोस्त के साथ बाइक पर सवार होकर गुरुद्वारा गुरपलाह साहिब में माथा टेककर वापस घर लौट रहा था।
स्वां नदी के समीप एक फार्म हाउस में रहने वाले एक व्यक्ति ने उसके भाई राजेश को गोली मार दी। राजेश को गंभीर हालत में बीबीएमबी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, थाना प्रभारी राजपाल सिंह गिल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।