एक फैक्टरी में कार्यरत अकाउंट मैनेजर ने कथित तौर पर लगभग 23 लाख रुपये का गबन किया है। फैक्टरी के प्रबंधक ने थाना कालाअंब में इस संदर्भ में शिकायत दर्ज करवाई है। मामला हिमाचल के सिरमौर जिले के कालाअंब का है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अकाउंट मैनेजर के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
औद्योगिक नगरी कालाअंब के एक उद्योग में तैनात अकाउंट मैनेजर ने लाखों रुपये का गबन कर दिया। जीएचएस फैक्टरी के एचआर प्रबंधक अमर बलियान ने कालाअंब थाना में इसकी शिकायत दर्ज करवाई है। इसमें कहा है कि फैक्टरी में अकाउंट का सारा कार्य अकाउंट मैनेजर राजबीर सिंह संभाल रहा था। राजबीर ने एक अन्य कर्मचारी सनम सिंह के साथ मिलकर कंपनी के लगभग 23 लाख रुपये का गबन कर दिया है। इसका पता कंपनी के ऑडिट से चला है।