जसूर (कांगड़ा)। नेशनल हाईवे 154 पर राजा का बाग में शुक्रवार को ट्रक-बाइक की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक और ट्रक चालक भी दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब पौने ग्यारह बजे बाइक (एचपी 38 बी 8437) सवार राकेश कुमार पुत्र गिरधारी लाल अपनी धर्मपत्नी पवना कुमारी (45) निवासी बरोह
(राजा का तालाब) जसूर से कंडवाल की तरफ जा रहे थे। इस दौरान एक ट्रक एचपी 53 ए 2528 जो ईंटों से लदा हुआ था, वह कंडवाल से जसूर की ओर आ रहा था। राजा का बाग में ट्रक चालक ने गलत दिशा में जाकर मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी और साथ ही शीशम के पेड़ से जोरदार तरीके से टकरा गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक और ट्रक एचपी 29 ए 0192 जिसको चालक कालू चला रहा था, वह भी ईंटों से लदा हुआ था और उस ट्रक ने भी अगले ट्रक को टक्कर मार दी। इस कारण बाइक सवार के साथ बैठी महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में ट्रक चालक अरुण कुमार को भी गहरी चोटें आई। ट्रक इतनी जोर से टकराया कि ट्रक ड्राइवर बुरी तरह ट्रक में फंस गया। ट्रक ड्राइवर को स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और घायलों को सिविल अस्पताल नूरपुर भेजा। नूरपुर अस्पताल में घायल राकेश कुमार को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां से परिजन उसे पठानकोट के निजी अस्पताल ले गए।
ट्रक चालक अरुण का इलाज नूरपुर अस्पताल में चल रहा है। डीएसपी मेघनाथ चौहान ने बताया कि पुलिस ने आईपीसी की धारा 279, 337 और 304ए के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।