अमर उजाला ब्यूरो
किहार (चंबा)। किहार-संघणी मार्ग पर गगल के नजदीक कैंथली नाला के पास एक आल्टो कार दुर्घटनाग्रस्त होने से दो लोगों की मौत हो गई। जबकि कार में सवार तीन लोगों को गंभीर रूप से चोटें आई हैं। दोनों का उपचार मेडिकल कॉलेज चंबा और एक को सीएचसी किहार मेें दाखिल किया गया है। मृतकों में एक रावमापा भांदल का प्रधानाचार्य बताया जा रहा है। हादसा बुधवार देरशाम पांच बजे के करीब हुआ।
जानकारी अनुसार बुधवार शाम करीब सवा पांच बजे के करीब नरेंद्र पुत्र नेराज गांव जलौर कार नंबर एचपी 81-1304 में सवार होकर किहार से संघणी मार्ग पर जा रहे थे। कार में सुभाष पुत्र प्रेम लाल गांव खनेई, राजेश पुत्र अमर सिंह कौंडी, नूर मोहम्मद पुत्र सवारू गांव विदवाडा, निर्मल सिंह पठानिया पुत्र केसरी सिंह गांव छतडी, बनियाला तहसील शाहपुर जिला कांगड़ा बैठे हुए थे। इसी दौरान कैंथली नाला के पास अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया। इससे गाड़ी खाई में जा गिरी। गाड़ी के गिरने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने फौरन पुलिस को घटना के बारे में सूचित किया। पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने पर ग्रामीणों ने खाई में उतर कर घायलों को सीएचसी किहार पहुंचाया। यहां पर चिकित्सक ने नूर मोहम्मद और निर्मल सिंह को मृत घोषित कर दिया। इसके साथ ही अन्य घायलों का उपचार शुरू कर दिया। सुभाष और नरेंद्र की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर कर दिया गया है। जबकि घायल राजेश का सीएचसी किहार में ही उपचार चल रहा है। पुलिस अधीक्षक चंबा डॉ. मोनिका ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।