शहर में पेटीएम से कई कारोबारियों को चूना लगाने वाले शातिर युवक को सोलन के चंबाघाट से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवक की उम्र बीस साल है। बताया जा रहा है आरोपी युवक ने आईआईटी टेस्ट भी पास कर रखा है। लेकिन सीधे रास्ते पर चलने की जगह युवक गलत राह पर निकल गया।
शातिर दिमाग के इस युवक के कारनामे देख पुलिस भी हैरान है। आरोपी ने कई कारोबारियों के साथ ठगी की है लेकिन आरोपी के खिलाफ थाना न्यू शिमला और थाना ढली में दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। बताया जा रहा है कि कई कारोबारियों के आरोपी के परिजनों ने पैसे लौटा दिए हैं।
इस वजह से कारोबारियों ने पुलिस में शिकायत नहीं दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहली शिकायत खलीनी के एक कारोबारी ने की। कारोबारी ने पुलिस को बताया कि उसकी दुकान में एक युवक आया और उसने 59 हजार कीमत का लैपटॉप खरीदा।
आरोपी ने लैपटॉप की कीमत का भुगतान पेटीएम से किया। इतना ही कारोबारी के मोबाइल पर 59 हजार की ट्रांजेक्शन का मेसेज भी आ गया। इसके बाद आरोपी को लैपटॉप दे दिया गया। लेकिन कारोबारी ने शाम को जब खाता चेक किया तो उसमें पैसे नहीं आए थे।
कारोबारी ने फिर आरोपी के दिए मोबाइल नंबर पर कॉल किया लेकिन वह नंबर भी नहीं लग रहा था तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की तस्वीरें निकालीं और उसकी तलाश शुरू की।
इसी बीच ढली के एक कारोबारी ने भी पुलिस को जानकारी दी कि एक युवक उसकी दुकान से 7600 रुपये का स्टीरियो खरीद कर ले गया और उसने पेटीएम से भुगतान किया। ढली में ही एक और कारोबारी को आरोपी ने ठगी का शिकार बनाया है।
मोबाइल दुकान में आरोपी लड़की के साथ गया। यहां मोबाइल फोन खरीदने के बाद भुगतान पेटीएम से किया। लेकिन पैसे कारोबारी के खाते में नहीं पहुंचे। मोबाइल पर पेटीएम से भुगतान होने का मेसेज आ गया लेकिन बाद में खाते में पैसे नहीं पहुंचे।
ऐसे मामले सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और जल्द आरोपी का सुराग लग गया। आरोपी अपने मां बाप की इकलौती संतान बताई जा रही है। न्यू शिमला पुलिस ने आरोपी का रिमांड हासिल कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी कैसे ठगी को अंजाम देता था।
एसपी शिमला ओमापति जमवाल ने कहा कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। अभी तक आरोपी के खिलाफ तीन ठगी के मामलों में दो अलग-अलग थानों में एफआईआर दर्ज हैं। पुलिस हर पहलू पर तफ्तीश कर रही है। आरोपी को तीन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।