अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में बिना पंजीकरण के चल रहा एक और होटल पकड़ा गया है। टुटू-जतोग क्षेत्र में पर्यटन विभाग की अनुमति के बगैर होटल का संचालन किया जा रहा था। होटलों में बिना पंजीकरण सैलानियों को ठहराया जा रहा था। पर्यटन विभाग अवैध रूप से चल रहे इस होटल का बिजली और पानी का कनेक्शन काटने के लिए नगर निगम को लिखेगा।
बुधवार को पर्यटन विभाग के (इंस्पेक्टर होटल) रवि धीमान की अगुवाई में चौड़ा मैदान, बालूगंज, टूटु और जतोग में होटलों का निरीक्षण किया गया। पर्यटन विभाग ने होटलों में रिसेप्शन पर रेट लिस्ट न लगाने वालों पर भी कार्रवाई की। होटलों की रिसेप्शन पर किराये पर चढ़े कमरों, खाली कमरों और रूम रेंट की विस्तृत जानकारी प्रदर्शित न करने वाले होटल संचालकों पर भी विभाग ने कार्रवाई की है। होटलों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।
न्यायालय के आदेशों पर प्रदेश भर में अवैध होटलों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पर्यटन विभाग शिमला के होटलों का भी निरीक्षण कर रहा है। इससे पहले भी पर्यटन विभाग शहर और आसपास के इलाकों में बिना पंजीकरण चल रहे होटलों को पकड़ चुका है।
---
बिजली-पानी काटने के लिए एमसी को लिखेंगे
न्यायालय के आदेशों पर होटलों का निरीक्षण किया जा रहा है। गैर पंजीकृत होटलों का बिजली पानी काटने के लिए नगर निगम को लिखा जाएगा। निरीक्षण आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा।
- सुरेंद्र जस्टा, उप-निदेशक, पर्यटन विभाग।