हिमाचल प्रदेश पुलिस महानिदेशक संजय कुमार और प्रधान सचिव गृह को एचपी पुलिस कल्याण संघ के अध्यक्ष रमेश चौहान ने एक करोड़ रुपये का कानूनी नोटिस जारी किया है।
रमेश चौहान ने कहा कि यह नोटिस मीडिया में उनके खिलाफ की गई ऐसी बयानबाजी को लेकर दिया गया है, जिससे उनकी मानहानि हुई है। चौहान ने यह मानहानि नोटिस अपने अधिवक्ता वाईके ठाकुर के माध्यम से जारी किया है।
चौहान ने यह नोटिस डीजीपी को उनका नाम एवं पदनाम संबोधित करते हुए दिया है, जबकि प्रधान सचिव गृह को यह केवल पदनाम पर ही भेजा गया है।
रमेश चौहान ने नोटिस में कहा है कि अगर उनका संगठन अवैध है तो आईपीएस पुलिस कल्याण संघ, पीटीसी डरोह पुलिस कल्याण संघ, सीआईडी पुलिस कल्याण संघ, विशाल हिप्र पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन जैसे संगठन कानून सम्मत कैसे हो गए।
चौहान ने कहा कि अगर नए पुलिस एक्ट के मुताबिक अगर कोई संगठन नहीं बन सकता है तो इन पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
अगर एक्ट लागू है तो कर्मचारियों से आठ घंटे ड्यूटी लेने और सप्ताह में एक अवकाश का प्रावधान क्यों लागू नहीं है। उधर, डीजीपी संजय कुमार ने कहा है कि उन्हें अभी कानूनी नोटिस मिला नहीं है। मिलेगा तो जवाब दे देंगे।