औद्योगिक शहर परवाणू में लुटेरों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है। शातिर पिस्टल की नोक पर शराब ठेके में लूटपाट कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि करीब 1 लाख 13 हजार रुपये की नकदी पर अपना हाथ साफ किया है। लुटेरे ठेके से दो मोबाइल और एक शराब की बोतल भी अपने साथ ले गए। परवाणू पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना परवाणू में ज्ञान चंद पुत्र माधी राम निवासी गांव लड़हेच, डाकघर मान तहसील अर्की जिला सोलन ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि सोमवार रात को करीब साढ़े 11 बजे ठेके का सेल्समैन कंवर सिंह आधा शटर डाउन करके स्टॉक मिला रहा था। दो युवक शटर को उठाकर अंदर घुस आए। एक युवक, जिसने मुंह पर रुमाल बांध रखा था ने पिस्टल तान दी और फिर दूसरे युवक ने ठेके का शटर पूरी तरह से बंद कर दिया।
इसके बाद दोनों ने ठेके के गल्ले में रखी करीब 1 लाख 13 हजार रुपये निकाल लिए और शटर को बाहर से बंद कर फरार हो गए। थाना प्रभारी परवाणू रूपेश कांत ने बताया कि सूचना मिलते ही अलर्ट जारी कर दिया गया था। पुलिस छानबीन में जुट गई है। ठेके से करीब 1 लाख 13 हजार रुपये लूटने का मामला आया है। पुलिस सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है।