शिमला। थाना बालूगंज के तहत टुटू में एक फ्लैट से शातिर नकदी और लाखों रुपये के गहने लेकर फरार हो गए। घर के सदस्य स्कूल गए थे। यह घर एक प्रधानाचार्य का बताया जा रहा है। मंगलवार को जब वह अपनी पत्नी के साथ स्कूल से लौटे तो कमरे की हालत देखकर उनके होश फाख्ता हो गए। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था तथा ताला टूटा पड़ा था। पीड़ितों के मुताबिक चोर घर से गहनों समेत एक मोबाइल फोन, एक जोड़ी सोने के कांटे और 4 जोड़ी टॉप्स ले गए हैं। इनकी कीमत एक लाख 20 हजार करीब आंकी जा रही है। पुलिस ने मौके का मुआयना कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
प्रधानाचार्य अपने परिवार के साथ एयरपोर्ट रोड टुटू में रहते हैं। पीड़ित सोलन में एक निजी स्कूल में प्रधानाचार्य हैं। इसके अलावा उनकी पत्नी भी शिक्षिका हैं। मंगलवार को दंपत्ती और बच्चे स्कूल गए थे। शाम के वक्त लौटे तो फ्लैट का दरवाजा कुला था और सामान बिखरा पड़ा मिला। रसोई घर और अलमारी से लेकर दराज तक पूरी तरह से चोरों ने खंगाली थी। चोरों ने तसल्ली से पूरे घर को खंगाला है, इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि चोरों को मालूम था कि घर के सदस्य शहर से बाहर हैं। चोरी की इस घटना से लोगों में दहशत है। डीएसपी हेडक्वार्टर प्रमोद शुक्ला ने बताया कि मामले की तफ्तीश जारी है। आरोपी जल्द गिरफ्त में होंगे।