अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम धर्मशाला में भारत-श्रीलंका के बीच खेला गया डे-नाइट वन डे मैच दिन के उजाले में ही खत्म हो गया। टीम इंडिया के खिलाड़ी तेज और उछाल भरी धर्मशाला की पिच का मिजाज नहीं पढ़ पाए।
टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने मैदान में उतरे भारतीय टीम के खिलाड़ी एक के बाद एक पवेलियन लौटते गए। ऐसा लग रहा था मानों यह मैच धर्मशाला नहीं, बल्कि पर्थ की पिच पर खेला जा रहा है। श्रीलंका के तेज गेंदबाज सुरंगा लकमल की कहर बरपाती गेंदें खेलना भी मुश्किल हो रहा था।
कमेंटेटर भी धर्मशाला पिच की तुलना पर्थ की पिच से करते नजर आए। एक समय तो ऐसा भी आया जैसे टीम इंडिया 50 के आंकड़े को भी नहीं छू पाएगी, लेकिन पूर्व कप्तान महेंद्र धोनी की 65 रन की पारी ने स्कोर को सैकड़े से पार पहुंचाया। मैदान पर दूसरा कोई खिलाड़ी धोनी का साथ देने के लिए मैदान पर नहीं टिक पाया।
नहीं चला रोहित और धवन का बल्ला
क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में भारत के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन और कप्तान रोहित शर्मा का बल्ला शांत रहा। पारी की शुरुआत करने आए शिखर धवन छह गेंद में बिना कोई रन बनाए पवेलियन लौट गए।
हालांकि, रोहित शर्मा ने बल्लेबाजी को संभालने का प्रयास किया, लेकिन वे भी 13 गेंदों में मात्र दो रन बनाकर आउट हो गए। श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के खेले गए पहले मैच में अजिंक्य रहाणे को मौका नहीं मिला। ऐसे में रोहित शर्मा और शिखर धवन पर टीम का स्कोर खड़ा करने की जिम्मेवारी थी, लेकिन दोनों जल्दी आउट हो गए।
श्रीलंका टीम को नहीं मिले फैन्स
धर्मशाला वन डे मैच में एक ओर जहां भारतीय क्रिकेटरों को देखने के लिए हजारों प्रशंसक पहुंचे, वहीं श्रीलंका की टीम को स्टेडियम में प्रशंसकों की कमी खली। मैच के दौरान हालांकि भारतीय क्रिकेटरों ने प्रशंसकों को नाराज किया, लेकिन उन्हें स्टेडियम में अपने देश के प्रशंसकों का समर्थन खूब मिला। इसके इतर श्रीलंका की बल्लेबाजी के दौरान दर्शक खामोश रहे। क्योंकि स्टेडियम भारतीय दर्शकों से ही भरा पड़ा था।
धर्मशाला में वन-डे मैच देखने नहीं पहुंचे नेता
अकसर कांग्रेस और भाजपा के नेताओं की गलबहियों का गवाह बनने वाला धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम इस बार राजनीति के रंग में नहीं रंगा।
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुुमार धूमल के बेटे अरुण धूमल के सिवाय कोई भी नेता भारत-श्रीलंका वन-डे सीरीज का धर्मशाला में होने वाला पहला मैच देखने नहीं आया। अरुण धूमल भी एचपीसीए प्रतिनिधि के रूप में स्टेडियम में मैच देखने आए।
धर्मशाला स्टेडियम में अक्सर हर मैच देखने के लिए आने वाले प्रेम कुमार धूमल इस बार नहीं आए। इससे पहले अक्तूबर 2016 में न्यूजीलैंड के खिलाफ हुए वन-डे मैच को देखने के लिए धूमल आए थे।
उस दौरान सांसद अनुराग ठाकुर भी मैच देखने पहुंचे थे, जो इस बार नदारद रहे। न्यूजीलैंड-भारत वन-डे मैच में कांग्रेस के युवा मंत्री सुधीर शर्मा भी पहुंचे थे। अनुराग ठाकुर के साथ पूरे मैच में वह गलबहियां करते दिखे थे।
इससे पहले हुए अन्य मैचों में खुद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह भी आकर क्रिकेट के रोमांच को राजनीति के रंग में रोमांचित कर चुके हैं। धर्मशाला स्टेडियम में हुए कई मैचों पर तो राजनीति का रंग इतना चढ़ा कि हिमाचल की सियासत कई दिनों तक गर्माई रही।
इस राजनीति में भारत पाक मैच धर्मशाला से शिफ्ट तक करना पड़ा था। लेकिन, इस बाद धर्मशाला में क्रिकेट के रोमांच में राजनीति का रंग नहीं चढ़ा। बताया यह भी जा रहा है कि विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस और भाजपा के कई बड़े नेता राज्य से बाहर जाकर छुट्टियां बिताकर चुनावी थकान मिटा रहे हैं।