बर्फबारी के बाद ऐतिहासिक रिज मैदान पर फिर से पड़ने लगी दरारें
एमसी ने 22 करोड़ का प्रोजेक्ट किया है तैयार, वन विभाग से मंजूरी न मिलने से दिक्कत
नगर निगम हर साल टारिंग कर भरता है दरारें
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। रिज मैदान पर गेयटी थियेटर के सामने वाले हिस्से पर फिर हल्की दरारें पड़ना शुरू हो गई हैं। बर्फबारी के बाद रिज का यह हिस्सा फिर धंसना शुरू हो गया है। दो महीने पहले ही नगर निगम ने इस हिस्से को पत्थरों से भरकर इस पर टारिंग कर दी थी। लेकिन अब इस हिस्से पर फिर हल्की दरारें पड़ना शुरू हो गई हैं।
इससे नगर निगम की परेशानी फिर बढ़ने वाली है। रिज का यह हिस्सा बीते दस साल से लगातार धंस रहा है। इसे बचाने के लिए नगर निगम ने 22 करोड़ का प्रोजेक्ट तैयार किया है, लेकिन वन विभाग की मंजूरी न मिलने से यह प्रोजेक्ट लटक गया है। उधर रिज पर सैलानियों की आवाजाही को देखते हुए नगर निगम हर साल इस पर टारिंग करता है लेकिन चंद दिन बाद ही इसमें फिर दरारें पड़ जाती है। अब बर्फबारी के बाद इस पर फिर दरारें पड़ना शुरू हो गई हैं।